भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित कोयला घाट इलाके से एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता संजना कुमारी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए अपने बच्चे के साथ ससुराल पहुंची थी, लेकिन वहां उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता संजना कुमारी के अनुसार कोर्ट के निर्देश के बाद वह अपने बच्चे को लेकर ससुराल पहुंची थी, ताकि पारिवारिक विवाद को सुलझाया जा सके। लेकिन ससुराल पहुंचते ही माहौल बिगड़ गया और उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया गया। महिला का आरोप है कि उसके पति, सास और ससुर ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
संजना कुमारी का कहना है कि उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें भी आई हैं। घटना के बाद वह काफी डरी और सहमी हुई है। पीड़िता ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसके साथ इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी कई बार ससुरालवालों द्वारा उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जा चुकी है।
महिला का कहना है कि लगातार हो रही इस प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुकी है। उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वह कोई बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो सकती है। ऐसे में इसकी पूरी जिम्मेदारी उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों की होगी।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं पीड़िता ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल मामले को लेकर बरारी थाना में शिकायत दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
