सहरसा में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। सदर थाना क्षेत्र के तिरंगा चौक के समीप बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सहरसा नगर निगम क्षेत्र के गंगजला तिरंगा चौक निवासी दीपक कुमार सिंह की पत्नी 18 मार्च की देर शाम गंगजला चौक से सब्जी खरीदकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। घर के पास पहुंचने के बाद वह गली की ओर पैदल जा रही थीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही अपराधी फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार छीनी गई चेन करीब 28 भरी सोने की थी, जिसकी कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद 19 मार्च को सहरसा सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
वहीं, शुक्रवार 20 मार्च की सुबह इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
