बिहार के मुंगेर से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक किसान के घर गाय ने दो मुंह और चार आंखों वाले बछड़े को जन्म दिया है। इस अनोखी घटना को देखने के लिए गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों से भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।दरअसल, मुंगेर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर हवेली खड़गपुर प्रखंड के प्रसंडो गांव में रविवार सुबह एक दुर्लभ घटना देखने को मिली। यहां स्वर्गीय बैकुंठ सिंह के पुत्र अमित सिंह उर्फ टिंकू की गाय ने एक ऐसे बछड़े को जन्म दिया है, जिसके दो मुंह और चार आंखें हैं।

इस अनोखे बछड़े के जन्म की खबर जैसे ही गांव में फैली, उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कोई इसे प्रकृति का अद्भुत करिश्मा मान रहा है, तो कोई इसे ईश्वरीय संकेत के रूप में देख रहा है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

पशुपालक अमित सिंह ने बताया कि उनकी गाय पहले भी कई बार सामान्य बछड़ों को जन्म दे चुकी है, लेकिन इस बार का जन्म बेहद अलग और चौंकाने वाला है। उन्होंने यह भी बताया कि बछड़ा जीवित है और उसकी देखभाल की जा रही है।

वहीं, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार और सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक नरसिंह पंडित ने इसे जन्मजात विकृति यानी कॉनजेनिटल एबनॉर्मेलिटी बताया है। उनके अनुसार, गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के असामान्य विकास के कारण इस तरह की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले बेहद दुर्लभ होते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में तो और भी कम देखने को मिलते हैं।

फिलहाल, इस अनोखी घटना के बाद प्रसंडो गांव में लोगों का आना-जाना लगातार जारी है और हर कोई इस बछड़े को देखकर आश्चर्य व्यक्त कर रहा है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्टर: Md Imtiyaz Khan, मुंगेर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *