बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा के बीच गया जिले के शेरघाटी से एक प्रेरणादायक और अनोखी तस्वीर सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता दुल्हन शादी के मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गई। लाल जोड़े, हाथों में मेंहदी, गहनों और मांग में सिंदूर के साथ जब वह परीक्षा देने पहुंची तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

 

यह मामला शेरघाटी स्थित एसएमएसजी कॉलेज परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार छात्रा की शादी 20 फरवरी की रात संपन्न हुई। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद 21 फरवरी की सुबह विदाई हुई। लेकिन ससुराल जाने से पहले उसने अपनी मैट्रिक परीक्षा देना जरूरी समझा और सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गई।

 

जैसे ही दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी कॉलेज गेट के पास पहुंची, वहां मौजूद छात्र-छात्राएं और अभिभावक दुल्हन को देखकर चौंक गए। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करनी पड़ी, ताकि परीक्षा में कोई व्यवधान न हो।

 

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान करीब ढाई से तीन घंटे तक दूल्हा कार में बैठकर अपनी पत्नी का इंतजार करता रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद दुल्हन अपने पति के साथ ससुराल रवाना हो गई।

 

इन दिनों पूरे बिहार में बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। शेरघाटी स्थित यह केंद्र केवल छात्राओं के लिए निर्धारित है। दुल्हन का यह कदम शिक्षा के प्रति समर्पण और दृढ़ निश्चय की मिसाल बन गया है। स्थानीय लोगों ने छात्रा के इस फैसले की सराहना की है और इसे बेटियों की शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश बताया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *