बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को एक साथ दो जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो राजस्व कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। नालंदा जिले के राजगीर अंचल कार्यालय और नवादा जिले के रोह अंचल कार्यालय में तैनात कर्मचारियों पर जमीन के परिमार्जन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। दोनों मामलों में निगरानी ब्यूरो ने सटीक योजना के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को दबोच लिया।

 

पहला मामला नालंदा जिले का है। ब्यूरो सूत्रों के अनुसार छबीलापुर थाना क्षेत्र निवासी राजीव कुमार ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि राजगीर अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी अखिलेश साह जमीन के परिमार्जन के बदले 45 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

 

प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर निगरानी ब्यूरो ने प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया। योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने छबीलापुर रोड स्थित लेदुवा पुल के समीप अखिलेश साह को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

 

दूसरा मामला नवादा जिले से सामने आया है। रोह थाना क्षेत्र निवासी मंटू कुमार ने पटना निगरानी ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि रोह अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार जमीन परिमार्जन के एवज में 35 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाया गया।

 

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए गुलशन कुमार को रोह थाना क्षेत्र के सीतापुर वंशीचक मोड़ से 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की इस दोहरी कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *