धनबाद शहर के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित प्रेमसंस हौंडा सर्विस सेंटर के मुख्य गेट के समीप गुरुवार सुबह बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने संदिग्ध वस्तु को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। शुरुआती जांच में घटनास्थल के आसपास जमीन पर बारूद जैसे पाउडर के अंश भी पाए गए हैं, जिसके बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक राज सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि धनबाद में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन करने की मांग की।
वहीं सरायढेला थाना के एसआई अनूप कुमार ने बताया कि बम होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज की जांच में गेट के समीप संदिग्ध वस्तु दिखाई दे रही है, जिसे जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है और उसकी जांच कराई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर संदिग्ध वस्तु वहां किसने और किस उद्देश्य से रखी।
फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
संवाददाता :
नीतीश कुमार, धनबाद
धनबाद में बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से सनसनी, हौंडा सर्विस सेंटर के बाहर मचा हड़कंप


