झारखंड के रामगढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आज तड़के एक इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। रामगढ़ स्थित झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सुबह करीब 4:30 बजे भट्टी (फर्नेस) फटने से नौ मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए रांची के देवकमल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री के मुख्य गेट पर जमा हो गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-गड्ढा मुख मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है और मजदूरों की जान के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने कभी सबक नहीं लिया। उनका आरोप है कि न तो मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं और न ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस इंतजाम है।

 

इधर, सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।

 

फिलहाल, इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग घायल मजदूरों के लिए मुआवजे और फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और मजदूरों को न्याय कब तक मिल पाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *