भागलपुर जिले के सुल्तानगंज मुख्य चौक बाजार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत हो गई, जबकि टोटो पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि भागलपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक एम्बुलेंस ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत रेफरल अस्पताल सुल्तानगंज ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद टोटो चालक मनोज कुमार तांती (उम्र 42 वर्ष), निवासी मिर्जापुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल दो महिलाओं की पहचान डिस्को देवी (उम्र 45 वर्ष) और अनिता देवी (उम्र 46 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं इटहरी, रामापुर की रहने वाली बताई जा रही हैं और उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार एम्बुलेंस चालक की तलाश जारी है।
