भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित कमल नगर कॉलोनी में दिनदहाड़े झपटमारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। बेखौफ अपराधियों ने सड़क पर जा रही एक युवती से उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, युवती अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ी होकर मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहा युवक धीरे-धीरे युवती के पास आया और पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि युवती संभल भी नहीं पाई और बदमाश कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।

 

घटना के बाद युवती ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। आसपास के लोगों ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पूरी घटना स्पष्ट रूप से दिखी। फुटेज में दोनों युवक हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।

 

पीड़िता ने बबरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध युवकों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *