बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सेक्टर वन स्थित एक चाय दुकान पर बैठे युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान जयराम प्रसाद के रूप में हुई है, जिसका इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल जयराम प्रसाद ने बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ सेक्टर वन स्थित चाय स्टॉल पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार चार से पांच युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली जयराम की जांघ में लगी और आर-पार निकल गई। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उसके हाथ पर चाकू से भी वार किया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। जयराम के साथियों ने तुरंत उसे घायल अवस्था में सिटी थाना पहुंचाया, जहां से पुलिस की मदद से उसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जयराम प्रसाद ने इस हमले के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया है। उसने आरोप लगाया कि बिट्टू सिंह नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
संवाददाता — चंदन सिंह, बोकारो
बोकारो में दिनदहाड़े गोलीकांड, चाय दुकान पर बैठे युवक को मारी गोली, जमीन विवाद में हमला


