भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत लक्ष्मीनिया गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पति, पत्नी और तीसरे युवक के बीच संबंधों को लेकर उत्पन्न विवाद ने गांव में हंगामा और मारपीट की स्थिति पैदा कर दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। फिलहाल मामले को लेकर किसी पक्ष की ओर से थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनिया गांव निवासी चांदो कुमारी की शादी संदीप कुमार से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद चांदो की मुलाकात राहुल नामक युवक से हुई। परिजनों के मुताबिक दोनों की पहली मुलाकात ससुराल में ही हुई थी, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर लिया और बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।

 

परिजनों का आरोप है कि चांदो और राहुल चोरी-छिपे मिलते रहे। जब इस संबंध की भनक पति संदीप कुमार को लगी तो उसने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर संदीप और राहुल के बीच पहले भी कहासुनी और विवाद होने की बात सामने आ रही है।

 

बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को संदीप ने दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

 

इधर चांदो कुमारी अपने पति संदीप को छोड़कर राहुल के साथ रहने की इच्छा जता रही है, जिससे पारिवारिक विवाद और गहरा गया है। हालांकि दोनों परिवारों के बीच आपसी बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश की जा रही है।

 

फिलहाल यह मामला भागलपुर जिले के कहलगांव क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है, जबकि ग्रामीणों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस में शिकायत नहीं होने के कारण मामला अभी सामाजिक स्तर पर ही सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *