भागलपुर के इशाकचक थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखनपुर मोती मिश्र लेन में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने नवगछिया में कार्यरत दारोगा अर्जुन पासवान के किराये के मकान को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही इशाकचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्वान दस्ते को भी बुलाया गया, जिसने आसपास के इलाके में खोजबीन की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के समय लाल कपड़े से चेहरा ढके दो युवक मकान के पीछे के रास्ते से घर में घुस गए। घर के अंदर उनकी गतिविधि पर परिजनों की नजर पड़ गई। जैसे ही घर के लोग सतर्क हुए, एक चोर मौके से भागने में सफल रहा। वहीं दूसरे चोर ने घर के एक सदस्य को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सहम गए।
चोरों ने घर से एक जोड़ी चांदी का पायल, एक चांदी का सिक्का तथा एक गुल्लक चोरी कर ली। गृहस्वामी ने घटना के संबंध में इशाकचक थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।
घटना के बाद पहुंचे श्वान दस्ते के खोजी कुत्ते ने पहले पूरे घर में सूंघकर जांच की, फिर वहां से निकलकर सब्जी मंडी की ओर बढ़ा। सब्जी मंडी से होते हुए कुत्ता रेलवे लाइन के पास स्थित झोपड़पट्टी क्षेत्र की तरफ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ते ने चोरों के भागने के संभावित रास्ते का संकेत दिया, हालांकि पुलिस को अभी तक कोई स्पष्ट सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
