भागलपुर के सबौर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेला सह प्रदर्शनी कार्यक्रम के समापन समारोह के दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे आयोजन की चर्चा को एक अलग ही मोड़ दे दिया। सबौर थाना के निवर्तमान थाना अध्यक्ष सुबेदार पासवान का कार्यक्रम के बीच सभा में सोते हुए फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर अब तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जहां एक ओर मंच पर मौजूद स्मार्ट सिटी भागलपुर के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह किसानों को आधुनिक तकनीकों के जरिए आय बढ़ाने के गुर समझा रहे थे, वहीं जिलाधिकारी भी इस तरह के आयोजनों को बार-बार कराने की जरूरत पर जोर दे रहे थे। कार्यक्रम में कृषि से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही थी, लेकिन इसी बीच दरोगा जी का नींद लेते दृश्य लोगों के कैमरे में कैद हो गया।
वायरल हो रही इस तस्वीर ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिकारी इस तरह लापरवाही बरतेंगे, तो आम जनता के बीच क्या संदेश जाएगा। वहीं कुछ लोग इस घटना को लेकर मजाकिया अंदाज में भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, तो कुछ इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, कुछ बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों का यह भी कहना है कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अक्सर 24 घंटे की होती है और उन्हें पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता। ऐसे में यह भी संभव है कि लगातार काम के दबाव के कारण दरोगा जी को नींद आ गई हो। बावजूद इसके, सार्वजनिक मंच पर इस तरह की स्थिति प्रशासन की छवि को प्रभावित करती है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कोई संज्ञान लेता है या यह मामला भी अन्य वायरल घटनाओं की तरह समय के साथ ठंडा पड़ जाता है।
