झारखंड के साहिबगंज जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ईद के दिन हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बच्ची की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मामला साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित की 14 वर्षीय पुत्री ईद के दिन सुबह करीब 9 बजे मनसिंहा मोड़ स्थित मेला देखने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान तैमूर टोला निवासी एक युवक, जिसकी पहचान रमजान शेख के रूप में हुई है, कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर अज्ञात स्थान की ओर ले गया।

 

परिजनों के अनुसार, काफी देर तक जब लड़की घर वापस नहीं लौटी, तो छोटी बहन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें किसी तरह का सहयोग नहीं मिला। उल्टे, परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें गाली-गलौज और धमकी दी गई, साथ ही लड़की के बारे में कोई जानकारी देने से भी इनकार कर दिया गया।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

सदर डीएसपी विजय कुशवाहा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब तक नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *