खबर बिहार के रोहतास जिला के संझौली प्रखंड के जिगनी गांव से है, जहां एक हनुमान मंदिर में बीती रात भीषण चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने मंदिर के दो दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया और भगवान हनुमान जी के कीमती आभूषण सहित कई सामान चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर से चांदी का गदा, चांदी का खड़ाऊं, झाल, माइक, म्यूजिक सेट और अन्य कीमती वस्तुएं गायब कर दीं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब ढाई से तीन किलो चांदी के आभूषण मंदिर में थे, जिन्हें चोर रातों-रात लेकर फरार हो गए। इनमें लगभग सवा किलो का चांदी का गदा भी शामिल है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह मंदिर की देखरेख करने वाले लोग पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के दरवाजे का हैंडल टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर म्यूजिक सिस्टम, माइक और अन्य सामान गायब मिला। यह देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में इस तरह की चोरी की यह पहली घटना है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी और आक्रोश है। लोगों ने जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही संझौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और गुस्से का माहौल बना हुआ है, जबकि लोग मंदिर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
