बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके में बुधवार की देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब शिवाजी पार्क के पास स्थित एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसने एक दुकान और उससे जुड़े मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम हरकत में आ गई। आग बुझाने के लिए कंकड़बाग, लोदीपुर, सचिवालय, फुलवारीशरीफ और पटनासिटी से दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कुल 13 दमकल गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक दमकल घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद उसने बेहद तेजी से विकराल रूप ले लिया। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब फायर ब्रिगेड की हाइड्रोलिक गाड़ी तकनीकी कारणों से समय पर नहीं खुल पाई। इसके चलते ऊपरी तलों तक आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने वैकल्पिक तरीकों से आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी रखी।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कस्टम शॉप के संचालक अजय गुप्ता दुकान बंद कर अगमकुआं स्थित अपने घर चले गए थे। कुछ ही देर बाद दुकान में आग लगने की सूचना मिली। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कस्टम शॉप में लगी आग ने जल्द ही आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की वजह से सीढ़ियों से नीचे उतरना लोगों के लिए मुश्किल हो गया।
आग की लपटें मकान मालकिन पुष्पा देवी के दूसरे और तीसरे तल्ले पर स्थित फ्लैट तक पहुंच गईं। दुकान और फ्लैट में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि फ्लैट में फंसे लोग दूसरे बिल्डिंग के रास्ते बाहर निकलने में सफल रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
काफी देर की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
