बिहार के सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड अंतर्गत जमरा पंचायत के वार्ड संख्या–1 में मंगलवार को खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन से चार परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में घरों में रखी लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति, अनाज, कपड़े, फर्नीचर और दैनिक उपयोग की सभी सामग्री जलकर नष्ट हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर बाद बगल के एक घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट कर गया। सिलेंडर फटने से आग और भी विकराल हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए और आसपास के घरों को खाली कराया गया। तेज लपटों और धुएं के कारण कुछ समय के लिए स्थिति बेहद भयावह हो गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और स्थानीय थाना को सूचना दी। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक तीन से चार परिवारों के आशियाने पूरी तरह जल चुके थे और पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए।

 

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण खाना बनाते समय चूल्हे से उड़ी चिंगारी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि घर से जरूरी सामान निकालने तक का समय नहीं मिल पाया।

 

इस संबंध में अंचलाधिकारी प्रिंस प्रकाश ने बताया कि आग खाना बनाने के दौरान लगी थी। प्रशासन की तत्परता से समय रहते आग को अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर इस घटना में जले हैं, उन्हें तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही क्षति का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से आग से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।

By admin