सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का संदिग्ध स्थिति में मृत शरीर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
मृतका की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपड़िया गांव वार्ड संख्या 13 निवासी धीरेन यादव की 20 वर्षीय पुत्री शुभम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम शुभम कुमारी गांव के यज्ञ स्थल के पास बहियार स्थित मक्का के खेत में घास लाने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी।
इसी दौरान ग्रामीणों की नजर मक्का के खेत में पड़ी एक युवती पर पड़ी। पास जाकर देखने पर लोगों ने उसकी पहचान शुभम कुमारी के रूप में की। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सलखुआ थाना अध्यक्ष संजना कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने मृतका को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
ग्रामीणों के अनुसार, शुभम कुमारी की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी, लेकिन शादी के लगभग एक वर्ष बाद ही किसी कारणवश उसका वैवाहिक संबंध टूट गया था। इसके बाद से वह अपने मायके में ही रह रही थी। अचानक इस तरह मृत अवस्था में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में सलखुआ थाना अध्यक्ष संजना कुमारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
