पटना के पास रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन हॉर्न बजाते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 2 से गुजर रही थी और एक व्यक्ति खैनी थूकने के लिए ट्रैक की ओर बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर खड़ा था और पटना जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसने ट्रैक की तरफ जाकर खैनी थूकने की कोशिश की। तभी तेज गति से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस अचानक उसके बेहद करीब पहुंच गई। ट्रेन की रफ्तार का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण उसका सिर इंजन से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रेल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने घायल व्यक्ति को उठाकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की। हालांकि, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रेल पुलिस के एएसआई वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि “प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक यात्री पटना जाने के लिए खड़ा था। ट्रेन आने के दौरान वह ट्रैक पर थूकने चला गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।”
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान कराने की कोशिश जारी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह हादसा रेलवे प्लेटफॉर्म पर सावधानी बरतने और ट्रैक से दूरी बनाए रखने की अहमियत को एक बार फिर उजागर करता है।
