भागलपुर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए समीक्षा भवन में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने की। इस दौरान जिले के सभी गैस वितरक एजेंसियों के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

बैठक में सभी गैस एजेंसियों के बैकलॉग और मौजूदा आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। एजेंसी प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबित बुकिंग को तेजी से पूरा किया जा रहा है और दैनिक मांग से अधिक गैस की आपूर्ति की जा रही है, जिससे स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गैस की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एजेंसियों को लगातार तीन शिफ्ट में काम कर बैकलॉग को जल्द खत्म करने का आदेश दिया। साथ ही आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

 

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। 18 मार्च को कुल 12,576 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया, जो कि उस दिन की बुकिंग से अधिक है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 58 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें IOCL की 33, HPCL की 16 और BRCL की 9 एजेंसियां शामिल हैं।

 

प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के लिए सभी प्रखंडों में धावा दल का गठन किया है। इसके अलावा दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

 

शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय है। उपभोक्ता 0641-2402871 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *