बिहार के कैमूर जिले में होली के मौके पर एक दिलचस्प प्रेम कहानी सामने आई, जो देखते ही देखते शादी में बदल गई। प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा और अंततः दोनों की शादी करा दी गई।

 

जानकारी के अनुसार रोशन कुमार रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के आटडिह गांव के रहने वाले हैं। वहीं उनकी प्रेमिका कैमूर जिले के सुखपुरवा गांव की निवासी बताई जा रही है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि होली के अवसर पर रोशन कुमार अपनी बहन के घर आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने रात में अपनी प्रेमिका से मिलने का फैसला किया।

 

बताया जाता है कि होली की रात रोशन कुमार गांव के बाहर खेत में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान युवती के परिजनों को दोनों की भनक लग गई और उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों को एक साथ पकड़ लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की मारपीट भी हुई, जिसमें युवक और युवती दोनों को हल्की चोटें आईं।

 

घटना के दौरान युवक ने वहां से भागने की कोशिश भी की, लेकिन युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और शादी की बात उठाई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग युवक और युवती को लेकर मोहनियां थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने में बुलाकर समझाइश दी और आपसी सहमति से समाधान निकालने की कोशिश की। काफी बातचीत के बाद युवक रोशन कुमार शादी के लिए राजी हो गया।

 

इसके बाद गुरुवार की देर शाम मोहनियां थाना परिसर के पीछे स्थित मंदिर में दोनों ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया। इस मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। शादी के बाद मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *