झारखंड के रामगढ़ जिले से एक अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां प्रेमी की शादी कहीं और तय होने की खबर मिलते ही प्रेमिका सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस से न्याय की गुहार लगा दी। कई घंटों की बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक शादी के लिए तैयार हो गया और ग्रामीणों की पहल पर दोनों की मंदिर में विधि-विधान से शादी करा दी गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव के धोबी टोला निवासी अमित सिंह और काचन गुरियाही टोला की रहने वाली अंजू कुमारी के बीच करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को पसंद करते थे और साथ जीवन बिताने के सपने देख रहे थे।

 

इसी बीच युवक के परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। जब इस बात की जानकारी अंजू कुमारी को मिली तो वह सीधे रामगढ़ थाना पहुंच गई और पुलिस से न्याय की मांग की। युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले आठ साल से अमित सिंह के साथ रिश्ते में है और अब उसे छोड़कर कहीं और शादी करना उसके साथ अन्याय होगा।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को थाने बुलाया और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश शुरू की। शुरुआत में युवक शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन पुलिस और ग्रामीणों के समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार वह मान गया।

 

इसके बाद शुक्रवार रात करीब आठ बजे ग्रामीणों की पहल पर रामगढ़ स्थित शिव मंदिर में दोनों की विधि-विधान से शादी करा दी गई। शादी के दौरान युवक की मां वहां से चली गई, जबकि युवती की मां और उसका भाई मौके पर मौजूद रहे।

 

बताया जा रहा है कि युवती खरवार जाति से है, जबकि युवक चेरो समुदाय से आता है। इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी।

 

शादी के बाद युवती अपने पति के साथ उसके घर चली गई। शुक्रवार सुबह से शुरू हुआ यह पूरा घटनाक्रम रात करीब नौ बजे तक चलता रहा।

 

इस मामले की पुष्टि रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने भी की है। अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग इसे प्रेम और हिम्मत की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *