सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं निजी अस्पताल पर भारी बिल वसूलने का आरोप भी सामने आया है।

 

रिपोर्ट:

घटना नवहट्टा थाना क्षेत्र के नया नगर संथाली टोला वार्ड नंबर 18 की है, जहां निवासी अनिल टुडु (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय राजेश्वर टुडु की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनिल टुडु मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और हाल ही में पंजाब से काम कर घर लौटे थे।

 

रविवार की दोपहर वह मछली पकड़ने के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नहर के समीप किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने जब उन्हें सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

मृतक अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। जानकारी के अनुसार उन्होंने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी सुर्यमणि देवी से एक पुत्र और तीन पुत्रियां तथा दूसरी पत्नी रेखा हेमरम से चार पुत्रियां हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन मजदूरी ही था।

 

मृतक की बहन चांदनी टुडु ने बताया कि बचपन से ही उन्होंने अपने भाई का पालन-पोषण किया और उसकी शादी कराई। अब भाई के असमय निधन के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार गहरी चिंता में है। उन्होंने निजी अस्पताल पर आरोप लगाया कि सुबह में ही मौत हो जाने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने एक लाख 90 हजार रुपये का बिल जमा करने के बाद ही शव सौंपा।

 

इधर नवहट्टा थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की आधिकारिक सूचना मिलने पर जांच की जा रही है। वहीं सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *