मुंगेर जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। बेरोजगार अभ्यर्थियों को नौकरी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब कैंप मुंगेर के आईटीआई मैदान के पास स्थित संयुक्त श्रम भवन में आयोजित होगा, जहां निजी क्षेत्र की एक कंपनी द्वारा कुल 100 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कैंप में ट्रेनी और DET यानी डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। ट्रेनी पद के लिए इंटरमीडिएट या ITI पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जबकि DET पद के लिए ग्रेजुएट या डिप्लोमा धारकों को मौका दिया जाएगा। दोनों ही पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
वेतन की बात करें तो ट्रेनी पद के लिए 14,017 रुपये प्रति माह और DET पद के लिए 14,517 रुपये प्रति माह ग्रॉस सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों को PF, ESIC, अवकाश, कैंटीन और यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। सभी चयनित अभ्यर्थियों की जॉब लोकेशन गुजरात के हालोल स्थित कंपनी यूनिट में होगी।
इस रोजगार कैंप में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए कुछ आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं। सबसे पहले उन्हें नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को 10 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे तक अपने बायोडाटा और जरूरी दस्तावेजों के साथ कैंप स्थल पर पहुंचना होगा।
आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अंक पत्र और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो शामिल हैं। यह जॉब कैंप युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है, इसलिए योग्य अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचकर इसका लाभ उठाना चाहिए।
