सहरसा सदर प्रखंड कहरा क्षेत्र के तिलावे धार में रविवार को एक मछुआरे ने 47 किलो की विशाल मछली पकड़कर सभी को चौंका दिया। आम दिनों में जहां स्थानीय मछुआरे छोटी–मोटी मछलियाँ पकड़ते हैं, वहीं इतनी बड़ी मछली का जाल में फँसना इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ धार किनारे जुट गई और कई लोगों ने मोबाइल से तस्वीरें व वीडियो बनाए। आसपास के गाँवों से भी लोग इस मछली को देखने पहुँचने लगे। मछुआरों का कहना है कि इतने बड़े आकार की मछली मिलना बेहद दुर्लभ है और यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।
जानकारी के अनुसार, इस मछली को वीआईपी पार्टी के नेताओं ने खरीद लिया है। बताया जा रहा है कि 14 सितंबर को पटना में आयोजित भोज में पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के विशेष अतिथियों के लिए इस मछली को खास व्यंजन के रूप में परोसा जाएगा। भोज में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमंत्रित मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।
स्थानीय स्तर पर ग्रामीण इस मछली को अपनी धरती की उपलब्धि मान रहे हैं, जबकि पार्टी कार्यकर्ता इसे भोज का मुख्य आकर्षण बता रहे हैं। राजनीतिक हलकों में भी इसे एक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि “सन ऑफ मल्लाह” कहे जाने वाले मुकेश सहनी हमेशा मछुआरा समाज से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाते रहे हैं।