होली के दिन महाराष्ट्र के नागपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रंग खेलने की एक छोटी सी बात पर गुस्से में आकर एक नानी ने अपने ही चार साल के नाती पर उबलता पानी डाल दिया। इस दर्दनाक घटना में मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह घटना 3 मार्च को नागपुर के कोराडी इलाके के आरामशीन क्षेत्र, वार्ड नंबर 2 में हुई। घायल बच्चे की पहचान चार वर्षीय ओम हरीश वांगे के रूप में हुई है। फिलहाल उसका इलाज नागपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चा करीब 45 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ओम अपने घर के बाहर पिचकारी से होली खेल रहा था। उसी समय उसकी नानी सिंधु ठाकरे घर के बाहर होली की लकड़ियों पर गर्म किया गया उबलता पानी बाल्टी में भरकर अंदर ले जा रही थीं। खेलते-खेलते ओम ने अपनी पिचकारी से थोड़ा सा रंग अपनी नानी पर डाल दिया।
बताया जा रहा है कि इस बात पर नानी गुस्से से आगबबूला हो गईं। आरोप है कि गुस्से में उन्होंने उबलते पानी से भरी पूरी बाल्टी मासूम ओम पर उड़ेल दी। गर्म पानी शरीर पर गिरते ही बच्चा दर्द से चीखने लगा। इस घटना में उसके शरीर का कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस पूरी घटना का वीडियो घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी नानी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। होली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
