भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत एकचारी रसलपुर स्थित माँ दुर्गा प्रांगण में एक बार फिर आस्था का विशाल संगम देखने को मिलने वाला है। यहां हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य शिव शक्ति महायज्ञ एवं शिव पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, माँ दुर्गा प्रांगण में आयोजित होने वाले इस महायज्ञ में दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि इस बार कार्यक्रम को और अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। यज्ञ के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन और शिव पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि पिछले वर्ष भी यहां महायज्ञ का आयोजन किया गया था, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी थी और श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव से कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। पिछले साल की सफलता को देखते हुए इस बार आयोजन को और बड़े स्तर पर करने की तैयारी की गई है। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
इस महायज्ञ के आयोजन के पीछे एक विशेष उद्देश्य भी बताया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इलाके में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ-साथ पर्यावरण शुद्धि की भावना से भी इस यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। दरअसल, यह क्षेत्र एनटीपीसी की राख से प्रभावित माना जाता है, जिससे आसपास के इलाकों में प्रदूषण की समस्या बनी रहती है। ऐसे में धार्मिक अनुष्ठान और यज्ञ के माध्यम से वातावरण को शुद्ध करने और क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग यज्ञ की तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। माना जा रहा है कि इस धार्मिक आयोजन के दौरान क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।
