भागलपुर में श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर रविवार को महादेव तालाब, क़ुतुबगंज से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। भक्तिमय माहौल में डीजे पर बज रहे भजन और धार्मिक गीतों के बीच महिलाएं झूमती-नाचती आगे बढ़ती रहीं, जिससे पूरा इलाका भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

 

कलश शोभा यात्रा महादेव तालाब परिसर से शुरू होकर बरारी गंगा घाट पहुंची। वहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और गंगा जल भरकर श्रद्धालु पुनः शोभा यात्रा के साथ शहर भ्रमण पर निकले। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया। कई जगहों पर भक्ति गीतों और जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।

 

आयोजकों ने बताया कि महादेव तालाब परिसर में 8 फरवरी से 15 फरवरी तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन कथा वाचन, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। कथा में दूर-दूर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

 

भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से पंडाल, सजावट, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन से समन्वय किया गया है।

 

इस भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ ही शहर में धार्मिक माहौल की शुरुआत हो गई है और आने वाले दिनों में महादेव तालाब परिसर भक्ति और श्रद्धा का केंद्र बना रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *