भागलपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दोस्ती का रिश्ता खून में बदल गया। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के कांझिया गांव में सरकारी स्कूल के समीप एक युवक की उसके ही दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान युवराज उर्फ शिवराज के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक का नाम सुमित बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि दोनों आपस में गहरे दोस्त थे और 12वीं कक्षा में एक साथ पढ़ाई करते थे।

 

मिली जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। उस दौरान मामला शांत हो गया, लेकिन सुमित मन में रंजिश पाल बैठा। बताया जाता है कि विवाद के बाद सुमित अपने घर गया और वहां से चाकू लेकर वापस लौटा। इसके बाद उसने शिवराज के सीने में चाकू घोंप दिया। हमला इतना घातक था कि शिवराज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

 

घटना के समय मृतक के पिता उमेश कुमार घटनास्थल से महज 20 मीटर की दूरी पर बैठे हुए थे। जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वह घबराए हुए तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने घायल बेटे को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शिवराज को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मधुसूदनपुर थाना अध्यक्ष सफदर अली, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने में जुट गई। डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की गई।

 

सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी है। आरोपी सुमित घटना के बाद से फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है और इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *