उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को जमीन के मुआवजे में मिली रकम के लालच में ठगों ने शादी का झांसा देकर बड़ी साजिश रची। नई नवेली दुल्हन बनकर आई युवती महज तीन दिन बाद जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार रक्सा थाना क्षेत्र के परासई गांव निवासी उत्तम अहिरवार की लंबे समय से शादी नहीं हो पा रही थी। इसी बीच उसे बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीड़ा) से जमीन अधिग्रहण का मुआवजा मिला। पैसे मिलने की खबर फैलते ही कुछ लोगों ने उसे शादी कराने का झांसा दिया।
बताया जा रहा है कि फरवरी महीने में शिवपुरी जिले के ढाड़ गांव के दो युवकों ने उत्तम से संपर्क किया और उसकी शादी कराने का भरोसा दिलाया। इसके बदले उन्होंने उससे 60 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद एक मार्च को करौंदी माता मंदिर में उत्तम की शादी एक युवती से करवा दी गई।
शादी के बाद दोनों युवक पार्टी के नाम पर उससे 30 हजार रुपये और लेकर चले गए। उत्तम दुल्हन को लेकर खुशी-खुशी अपने घर लौट आया। करीब तीन दिनों तक युवती उसके साथ दुल्हन की तरह घर में रही और सब कुछ सामान्य दिखाई देता रहा।
लेकिन बृहस्पतिवार को अचानक युवती घर से गायब हो गई। जब उत्तम ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि घर में रखे जेवरात और नकदी भी गायब हैं। यह देखकर वह हैरान रह गया। उसने तुरंत उन दोनों युवकों को फोन किया जिन्होंने शादी करवाई थी, लेकिन उनके मोबाइल फोन भी बंद मिले।
इसके बाद परेशान उत्तम रक्सा थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले में थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवती की आखिरी लोकेशन करौंदी माता मंदिर के आसपास मिली है।
पुलिस का कहना है कि युवती और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह ठगी का मामला प्रतीत हो रहा है और दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
