भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर हिंसक और सनसनीखेज रूप ले लिया है। पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर घात लगाकर दामाद पर किए गए जानलेवा हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इस हमले में मनीष गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पहले तिरुपति रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घटना 5 तारीख की बताई जा रही है। घायल मनीष गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनके साले विक्की साह और ससुर प्रमोद साह ने 15 से 20 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर पहले से घात लगाई थी। जैसे ही उन्हें मौका मिला, लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में मनीष गुप्ता के गले के ऊपर, नाक, कान और सिर के पीछे गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित मनीष गुप्ता ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2023 में हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पारिवारिक तनाव धीरे-धीरे बढ़ता गया और अंततः हिंसक घटना में तब्दील हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि शादी के बाद उनकी दो बेटियां हुईं, जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है। मृत बच्ची उनकी पत्नी के पास थी, जबकि दूसरी बच्ची की परवरिश उनकी बहन कर रही है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत तिरुपति रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई और बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद पीरपैंती क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह घटना पारिवारिक विवादों में बढ़ती हिंसा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनकर सामने आई है।
