भिट्ठा थाना क्षेत्र के हनुमान नगर मियां जी टोली में एक मामूली विवाद ने भयावह और दर्दनाक रूप ले लिया। मुर्गा का मीट खरीदने को लेकर दो पट्टीदारों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस घटना में 55 वर्षीय तजमुल खातून की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुर्गा का मीट खरीदने को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित उग्र हो गए और उन्होंने तजमुल खातून के घर में जबरन घुसकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और बांस से तजमुल खातून पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही भिट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से खून लगा बांस बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में रहीम राइन, सगीरा खातून और हामिद राइन को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद हनुमान नगर मियां जी टोली में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। एक छोटे से विवाद में महिला की हत्या से लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के माहौल में हुई इस वारदात ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। पुलिस प्रशासन ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
