भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के रिवरसाइड इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बकरी को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार ने चार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

मिली जानकारी के अनुसार रिवरसाइड निवासी चंदन कुमार ने सन्हौला थाना में लिखित आवेदन देकर बताया है कि वह स्वर्गीय सुभाष मंडल का पुत्र है और अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। चंदन कुमार के अनुसार 6 मार्च की रात करीब 8 बजे उसकी मां घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान पड़ोसी रामधनी मंडल की बकरी उनके घर में घुस गई और आटा खाने लगी। जब उसकी मां ने बकरी को घर से भगाने की कोशिश की तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

 

आरोप है कि विवाद के बाद रामधनी मंडल अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चंदन कुमार के घर पहुंच गया और उसकी मां के साथ गाली-गलौज करने लगा। चंदन कुमार ने अपने आवेदन में बताया है कि रामधनी मंडल, उसकी पत्नी अनीता देवी, गोलू मंडल और राहुल कुमार ने मिलकर उसकी मां के साथ बदसलूकी की और मारपीट शुरू कर दी।

 

परिवार के अनुसार शोर-शराबा सुनकर चंदन कुमार के पिता सुभोध मंडल बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचे। लेकिन आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सभी ने मिलकर सुभोध मंडल की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उनकी हालत मौके पर ही बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर मदद मिलती तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

 

इधर पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *