मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेम टोला फरदा गांव में सोमवार की शाम ऑटो चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई गोलीबारी की घटना में 60 वर्षीय महिला वंदना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक मनु यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सूर्यगढ़ा बाजार में हुई, जहां ऑटो चलाने को लेकर मनु यादव और सुगन यादव के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मनु यादव ने सुगन यादव की ऑटो में टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। सुगन यादव का कहना है कि मनु यादव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की।

 

शाम करीब 5 बजे यह विवाद गांव तक पहुंच गया। आरोप है कि नशे की हालत में मनु यादव जान से मारने की धमकी देते हुए सुगन यादव के घर पहुंचा। जब परिजनों ने बीच-बचाव किया, तो मनु यादव ने सुगन यादव पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया, जिससे उनका दाहिना हाथ घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली बीच-बचाव करने सामने आईं सुगन यादव की बड़ी मां वंदना देवी के दाहिने जांघ में लग गई।

 

घटना के बाद परिजनों ने घायल वंदना देवी को तत्काल सदर अस्पताल मुंगेर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। फिलहाल वह बेगूसराय में इलाजरत हैं।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपी मनु यादव को पकड़कर सदर अस्पताल लाया और कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह उड़ीसा में मजदूरी करता है और हाल ही में गांव लौटा था। उसने नशे में होने की बात स्वीकार की, साथ ही अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए सुगन यादव के परिवार पर मारपीट और मोबाइल गायब करने का आरोप लगाया है।

 

वहीं, सफियासराय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गोलीबारी की घटना में एक बुजुर्ग महिला घायल हुई हैं। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन नहीं मिला है, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *