जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरघट ओपी के धबौली गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के वार्ड नंबर 01 निवासी सनोज कुमार ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर जान से मारने की कोशिश, मारपीट, छिनतई और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है।

 

आवेदन के अनुसार, घटना 13 फरवरी 2026 की शाम करीब 3:40 बजे की है। सनोज कुमार चबौली खेल मैदान से क्रिकेट मैच देखकर घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि पहले उनके साथ छिनतई की कोशिश की गई और फिर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। किसी तरह वे वहां से भागे, लेकिन आरोपियों ने दोबारा घेर लिया।

 

पीड़ित ने गांव के ही सोनू कुमार उर्फ गनी साह, सुन्ना साह, राहुल कुमार, नीतीश कुमार, अंशु कुमार सहित अन्य पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। शोर सुनकर जब परिवार के सदस्य बचाव में पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। सनोज कुमार के सिर पर लाठी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उनके बड़े भाई के सिर पर लोहे से हमला किया गया। बहन, चाची और अन्य महिलाओं को भी पीटा गया, जिससे कई लोगों को फ्रैक्चर और गहरी चोटें आईं।

 

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक युवती के साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए छेड़छाड़ की गई। मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन छीन लेने की भी बात कही गई है। छत से पत्थरबाजी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिसमें एक महिला के सिर पर पत्थर लगने से वह घायल हो गई।

 

पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *