apnabiharjharkhand

पलामू में कोयला लदा हाइवा घर में घुसा, छत पर सो रहा परिवार बाल-बाल बचा


पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर कोयला लदा एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि यह मकान शिव साव का है। राहत की बात यह रही कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सोने के बजाय छत पर सो रहे थे। अगर परिवार के लोग कमरे में सो रहे होते तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में आ गए और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा काफी तेज रफ्तार में था और अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हाइवा सीधे मकान से जा टकराया। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं चालक का पैर केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। चालक को निकालने के लिए कटर मशीन मंगाई गई। काफी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *