L
गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवान मुकेश सिंह की हरियाणा पुलिस की कस्टडी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जवान की पीट-पीटकर हत्या की गई है।
मृतक की पत्नी रीमा देवी ने बताया कि उनके पति की ड्यूटी एयरपोर्ट के गार्डन क्षेत्र में लगी थी। ड्यूटी के दौरान उन्होंने रात में फोन कर हालचाल और ड्यूटी की जानकारी दी थी। रीमा देवी के अनुसार, इसके कुछ ही देर बाद हरियाणा पुलिस वहां पहुंची और बिना किसी अरेस्ट वारंट के उन्हें जबरन अपने साथ ले गई। परिजनों को इस कार्रवाई की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। आधी रात को फोन के माध्यम से जवान की मौत की खबर दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पुत्र दुर्गेश ने कहा कि उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। ऐसे में हार्ट अटैक से मौत की बात पर उन्हें विश्वास नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस अपनी लापरवाही या कथित ज्यादती छिपाने के लिए झूठी कहानी गढ़ रही है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मेडिकल थाना प्रभारी कृष्ण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान की मौत हार्ट अटैक से हुई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी विधिवत प्रक्रिया के तहत की गई थी और मामले में किसी तरह की अनियमितता नहीं बरती गई। फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
डीएसपी टाउन-2 धर्मेंद्र भारती मामले की जांच में जुटे हैं। घटना के बाद पुलिस और सीआईएसएफ के बीच भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब जांच रिपोर्ट के बाद ही मिल पाएगा।
