भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनंदनपुर गांव में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। अपराधियों ने हत्या के एक आरोपी को घेरकर गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल की पहचान शिवनंदनपुर निवासी कुख्यात अपराधी मदन यादव के रूप में हुई है।

 

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 

अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में मदन यादव ने बताया कि वर्ष 2013 में उसके पुत्र की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि केस वापस लेने के लिए विनोद यादव, पिंटू उर्फ बहरा यादव समेत अन्य लोग उसे लगातार धमकी दे रहे थे। मदन यादव के अनुसार, जब उसने केस वापस लेने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे घेरकर गोली चला दी।

 

घटना की पृष्ठभूमि भी काफी पुरानी और खूनी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2010 में जमीन विवाद को लेकर मदन यादव ने विनोद यादव के पिता राजेंद्र यादव की हत्या कर दी थी। इसके बाद बदले की भावना में विनोद यादव के समर्थकों ने मदन यादव के पुत्र ब्रज बिहारी गौतम उर्फ बिट्टू यादव की हत्या कर दी थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है।

 

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में मदन यादव द्वारा पत्थरबाजी की घटनाओं से तनाव और बढ़ गया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। गनीमत रही कि गोली उसके दाहिने हाथ में लगी, जिससे उसकी जान बच गई।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखा बरामद किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *