रोहतास जिले के सासाराम के पास मुरादाबाद गांव में प्रॉपर्टी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दो गुटों के बीच हुई झड़प में फायरिंग और मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद में प्रॉपर्टी डीलरों के दो गुटों के बीच पिछले कई महीनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आज यह मामला हिंसा में बदल गया। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार तीन लोग किसी काम से जा रहे थे, तभी सामने से आए दूसरे गुट के लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और फायरिंग भी की गई। इस दौरान डंडे से किए गए हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही एक कट्टा और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
सासाराम नगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
रिपोर्ट: मृणाल किशोर
