सहरसा। जिले के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर वार्ड 10-06 में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुकान में ताला लगाने की चर्चा को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी दुर्व्यवहार और गहने छीनने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित अरविन्द मुखिया (42), पिता रामरखगारच मुखिया, निवासी अमरपुर ने बताया कि उनके भाई निर्मल मुखिया पंचायत सरकार भवन अमरपुर के सामने दक्षिण साइड में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग, वॉशिंग एवं पंक्चर की दुकान चलाते हैं। घटना के समय दुकान पर उनका पुत्र प्रेम कुमार बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ लोगों ने दुकान में ताला लगाने की बात को अपने ऊपर समझ लिया और आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि तारकेश्वर भगत, कृष्णदेव भगत, सन्नी कुमार, दिनेश भगत, भारत कुमार और भारती आजाद लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। सन्नी कुमार ने लोहे के दबिया से प्रेम कुमार के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। पुत्र को बचाने पहुंचे अरविन्द मुखिया पर भी लाठी और रॉड से हमला किया गया, जिससे उनका हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार का आरोप है कि बीच-बचाव करने आई भाभी ओगी देवी के साथ भी मारपीट की गई तथा उनके गले से सोने का मंगलसूत्र और कान के गहने छीन लिए गए, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है और मामले की जांच जारी है। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
