सहरसा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। दिनांक 18 मार्च 2026 को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) को गति देने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सहरसा द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समाज कल्याण विभाग (सामाजिक सुरक्षा निदेशालय) के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में नशा उन्मूलन के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता, सहरसा ने नशा मुक्ति के संदेश को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एक विशेष ‘कैंपेन सॉन्ग’ लॉन्च किया। यह गीत युवाओं और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनेगा।
इसके साथ ही, समाहरणालय परिसर से अपर समाहर्ता द्वारा ‘जन-जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए लोगों को नशा मुक्त जीवन के प्रति प्रेरित करेगा। रथ के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई जाएगी और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि “नशा मुक्त सहरसा” का लक्ष्य तभी संभव है जब समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, डायरेक्टर DRDA, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, महाप्रबंधक उद्योग सहित अन्य कई अधिकारी मौजूद रहे।
यह पहल सहरसा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त और सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे समाज में जागरूकता के साथ-साथ बदलाव की नई उम्मीद जगी है।
