इन दिनों बिहार की राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। छोटी-छोटी बातों पर विवाद, फायरिंग और हत्या जैसी वारदातें आम होती जा रही हैं। ताजा मामला पटना जिले के बाढ़ अनुमंडलीय थाना क्षेत्र के जलगोविंद गांव से सामने आया है, जहां वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय धर्मवीर पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों पहले गांव में बच्चों के बीच खेलने को लेकर विवाद हुआ था। यह मामूली झगड़ा धीरे-धीरे बड़ा विवाद बन गया। मृतक के भाई के अनुसार, इसी विवाद को लेकर एक पक्ष ने मारपीट के मामले में थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर गांव के मुखिया ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर धर्मवीर पासवान को घर से खींचकर बाहर निकाला और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
घटना में धर्मवीर पासवान को तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने भगत मुखिया समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटनास्थल से छह खोखा भी बरामद किए गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना पूर्व के आपसी विवाद के कारण हुई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
