भागलपुर। टी.एन.बी. महाविद्यालय के पूर्वी छात्रावास की जर्जर छत को लेकर छात्रों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। छत से मलबा गिरने और लंबे समय से छात्रावास में बनी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। दोपहर करीब 1:10 बजे छात्र एकजुट होकर प्राचार्य कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
छात्रों का कहना है कि पूर्वी छात्रावास की छत लंबे समय से जर्जर हालत में है। छत से आए दिन बड़े-बड़े टुकड़े और मलबा नीचे गिरते रहते हैं। छात्रों के मुताबिक, हाल ही में छत का मलबा छात्रों के ऊपर भी गिरा था। इस घटना के बाद छात्र अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि छात्रावास में रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है और कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास की जर्जर छत समेत अन्य समस्याओं को लेकर वे कई बार कॉलेज के प्राचार्य को जानकारी दे चुके हैं। इसके बावजूद समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बढ़ती गई। शुक्रवार को छात्रों ने एकजुट होकर प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया और कॉलेज प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
घेराव के दौरान छात्रों ने सबसे पहले जर्जर छत की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। इसके साथ ही छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई। छात्रों का कहना था कि छात्रावास विद्यार्थियों के रहने और पढ़ाई करने की जगह है। ऐसे में अगर सिर के ऊपर की छत ही सुरक्षित नहीं है, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
मामले को लेकर टी.एन.बी. महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर जल्द संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रावास की जर्जर छत की स्थिति को देखते हुए मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को रहने में किसी तरह की परेशानी न हो।
छात्रों ने भी प्रशासन से आश्वासन के अनुरूप जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।






