भागलपुर। नवगछिया के मदरोनी इलाके में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। पिछले 22 दिनों से कोसी का पानी इलाके के तमाम घरों के आसपास और अंदर बह रहा है। लंबे समय से जलजमाव के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों से निकल नहीं पा रहे हैं और कई परिवारों को मजबूरी में घरों की छत पर रहकर दिन-रात गुजारना पड़ रहा है।
मदरोनी की भयावह स्थिति को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी और मदरोनी निवासी सुजीत कुमार सिंह बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आए हैं। वह नाव के जरिए प्रभावित इलाकों में पहुंचकर घर-घर राशन और जरूरी खाद्य सामग्री पहुंचा रहे हैं। पानी से घिरे परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए उनकी टीम लगातार नाव से विभिन्न हिस्सों का दौरा कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से बाढ़ के पानी से घिरे रहने के कारण ग्रामीणों के सामने भोजन, पीने के पानी और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की समस्या बनी हुई है। ऐसे समय में नाव के जरिए सीधे घरों तक राशन पहुंचने से प्रभावित परिवारों को काफी राहत मिल रही है।
सुजीत कुमार सिंह के साथ राहत कार्य में विजय सिंह, शंकर कुमार, मोहम्मद शाबिर, डब्लू चौरसिया, चमणजीत सिंह, राजीव सिंह उप मुखिया, ढूनढून सिंह, बाजन शर्मा और छाँगुरी शर्मा समेत कई लोग शामिल हैं। टीम के सदस्य नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से की जा रही मदद महत्वपूर्ण है। लोगों ने सुजीत कुमार सिंह और उनकी टीम के इस प्रयास की सराहना की है। ग्रामीणों के बीच उनका यह प्रयास चर्चा का विषय बना हुआ है।
बाढ़ प्रभावित लोगों का कहना है कि जब तक कोसी का पानी पूरी तरह नहीं उतरता, तब तक उन्हें लगातार राहत और आवश्यक सामग्री की जरूरत रहेगी। ऐसे में प्रभावित परिवारों तक भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी लगातार राहत व्यवस्था की आवश्यकता है।






