apnabiharjharkhand

पलामू में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित, बच्चों को यातायात नियमों का दिया गया संदेश


पलामू जिले के संत मरियम स्कूल हॉस्टल में रविवार शाम वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी राजेश यादव और एमवीआई नितीश कुमार गुप्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के डायरेक्टर अविनाश देव द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। छात्राओं ने तिलक एवं आरती के साथ सभी अतिथियों और टीम सदस्यों का स्वागत किया।

इस मौके पर डीएसपी राजेश यादव ने कहा कि आज के समय में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि छुट्टियों में घर जाने पर अपने माता-पिता, भाई-बहनों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे बड़ा माध्यम है।

ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट का यह छोटा प्रयास समाज में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है, लेकिन लगातार जागरूकता अभियान चलाकर इन्हें काफी हद तक कम किया जा सकता है।

एमवीआई नितीश कुमार गुप्ता ने बच्चों को गुड सेमेरिटन कानून की जानकारी देते हुए सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। वहीं दंत चिकित्सक अमितू सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में दांतों को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।

युवा वक्ता लक्ष्य श्रेष्ठ ने हेल्मेट पहनने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हेयरस्टाइल से ज्यादा जरूरी जीवन की सुरक्षा है। उन्होंने अच्छी क्वालिटी के हेल्मेट और सुरक्षित वाहनों के उपयोग की सलाह दी।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल डायरेक्टर अविनाश देव ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का यह अभियान गांव से शहर तक लगातार जारी रहना चाहिए। मौके पर मन्नत सिंह बग्गा, मंजू चंद्रा, रानू सिन्हा, ललन प्रजापति और सिमरन सहित कई लोग मौजूद रहे।

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *