
सहरसा। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, सहरसा शाखा के तत्वावधान में रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित रॉयल गार्डन में तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और सहायता पाने को लेकर उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर के पहले दिन कुल 150 जरूरतमंद दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। पंजीकरण के बाद सभी लाभार्थियों का आवश्यक माप लिया गया, ताकि उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन में आत्मसम्मान एवं स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है। शिविर के दौरान जरूरतमंद लोगों को कृत्रिम हाथ-पैर, ट्राईसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने कहा कि मंच सिर्फ एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक सरोकार का विचार है। ‘सेवा परमो धर्मः’ के मूल मंत्र को अपनाते हुए मंच रक्तदान, शिक्षा, पर्यावरण, स्वच्छता और दिव्यांग सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सामाजिक कार्य करता रहा है।
आयोजकों के अनुसार, चयनित सभी लाभार्थियों को उपकरणों का वितरण 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित समापन-सह-वितरण समारोह में किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर निगम आयुक्त की गरिमामयी उपस्थिति में लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए जाने की योजना है।
शिविर को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष आदित्य मित्तल के नेतृत्व में सुमित केजरीवाल, नितेश अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, विनीत अग्रवाल, बिक्रम अग्रवाल, दीक्षित खेतान, राहुल सलामपुरिया, रवि शर्मा, प्रीतम उदयपुरिया, नितेश डहलान, आयुष भीमसेरिया, आशीष अग्रवाल, शोभम अग्रवाल और नीरज पारसपुरिया सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।





