सोनवर्षा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित रामचंद्र विद्यापीठ पैरामेडिकल व नर्सिंग कॉलेज में मंगलवार को वर्ल्ड फिजियोथैरेपी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर फिजियोथैरेपी के महत्व और स्वस्थ जीवन में योग की भूमिका को लेकर एक दिवसीय परिचर्चा आयोजित हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजन कुमार सिंह, बीपीटी एवं बीओटी विभागाध्यक्ष डॉ. दानिश, पैरामेडिकल विभागाध्यक्ष बबलू कुमार साह और नर्सिंग प्राध्यापक नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजन कुमार सिंह ने कहा कि बदलते समय के साथ समाज में फिजियोथैरेपी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। भारतीय सेना से लेकर जिला अस्पतालों और विभिन्न चिकित्सा संस्थानों तक फिजियोथैरेपी की जरूरत महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और बेहतर शारीरिक क्षमता बनाए रखने में फिजियोथैरेपी एक महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति है।
वहीं, बीपीटी विभागाध्यक्ष डॉ. दानिश ने छात्र-छात्राओं को वर्ल्ड फिजियोथैरेपी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि फिजियोथैरेपी ने भारतीय चिकित्सा क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस क्षेत्र में बेहतर भविष्य बनाने के लिए निरंतर अध्ययन और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने की अपील की। साथ ही कहा कि फिजियोथैरेपी के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार और करियर की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने स्वागत नृत्य, भाषण और ड्रामा की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष उत्साह और आकर्षण का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर रामचंद्र विद्यापीठ पैरामेडिकल नर्सिंग के प्रशासनिक पदाधिकारी संजीत कुमार खां, प्रशासनिक सहायक अनिकेत कुमार, लेखपाल मनोज कुमार, स्वागती ज्योति कुमारी, सत्यम कुमारी समेत कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





