भागलपुर। तिलकामांझी थाना पुलिस ने चोरी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 8 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार और स्कूल से चोरी किए गए सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ चोरी और छिनतई के हॉट-स्पॉट पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 5 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि हवाई अड्डा परिसर के जंगल क्षेत्र में कुछ लोग चोरी का तार जला रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, जिसके बाद पीछा कर मोनू कुमार और नीरज कुमार को पकड़ लिया गया। इनके पास से करीब 8 किलो जला हुआ तांबे का तार बरामद हुआ। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने आशीष कुमार और अखिलेश कुमार को भी गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी विभिन्न घरों और दुकानों से बिजली के तार चोरी कर इकट्ठा करते थे। पर्याप्त मात्रा में तार जमा होने के बाद उसे जलाकर तांबा अलग किया जाता था और कबाड़ी दुकानों में बेचकर मिले पैसे को आपस में बांट लिया जाता था।
स्कूल चोरी का भी पुलिस ने किया खुलासा
वहीं, तिलकामांझी थाना पुलिस ने स्कूल में हुई चोरी के मामले का भी खुलासा किया है। 27 अगस्त 2026 को विद्यालय में चोरी को लेकर संजय कुमार पासवान के आवेदन पर थाना कांड संख्या 206/2026 दर्ज किया गया था।
जांच के लिए गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए रंजन कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई एम्प्लीफायर मशीन, इन्वर्टर और बड़ी बैट्री बरामद की है। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रंजन कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल अन्य लोगों तथा शेष सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि चोरी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





