भागलपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए सुल्तानगंज निवासी एवं कृष्णानंद सूर्य मल इंटर स्तरीय मॉडल हाई स्कूल के शिक्षक चन्द्रशेखर चौधरी को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने चन्द्रशेखर चौधरी को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। सहकर्मियों ने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने में चन्द्रशेखर चौधरी का योगदान सराहनीय रहा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षक चन्द्रशेखर चौधरी ने बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के 25 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किए जाने पर उन्होंने खुशी और गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे विद्यालय में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
चन्द्रशेखर चौधरी ने कहा कि यदि शिक्षक अपने-अपने विद्यालय में पूरी लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, तो वे न केवल अपने जिले बल्कि पूरे बिहार में विद्यालय और शिक्षा के क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने इस सम्मान को अपने सहयोगी शिक्षकों और विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए आगे भी बेहतर कार्य करने का संकल्प जताया।
समारोह के दौरान विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने भी सम्मान समारोह में हिस्सा लिया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार, शिक्षक उमेश रजक, मोहम्मद शाहनवाज, नवल कुमार कुशवाहा, कुमारी मधु, अंबुज कुमार, तनु प्रिया कुमारी, ऋषि कुमार, मोहम्मद रेहान, प्रिया कुमारी, डॉ. कविता, कुणाल कुमार, अवधेश कुमार, अंकित सिंह, मोहम्मद अनवर, राकेश रंजन, कुमारी निशा, संजीव कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





