पटना में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के पास हुआ। मृतकों में एक दंपति भी शामिल है। तीनों मृतक खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों किसी काम के सिलसिले में राजधानी पटना आए थे। काम पूरा करने के बाद वे निजी कार से अपने घर खगड़िया लौट रहे थे। इसी दौरान शिवनार के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। कार में सवार लोगों के साथ चालक भी अंदर फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को कार से बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ मोकामा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और डिवाइडर से टकरा गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। एक ही हादसे में तीन लोगों की जान जाने से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




